अंतरराष्ट्रीय योग दिवसः प्रेस क्लब की महिला पत्रकार समूह द्वारा पुष्पलता उद्यान में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत हुई शामिल

कोरबा 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब की महिला पत्रकार समूह द्वारा निहारिका स्थित पुष्पलता उद्यान में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

महिला पत्रकार समूह द्वारा आयोजित यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसे प्रतिभागियों का भरपूर सहयोग और उत्साह प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत शामिल हुईं। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योगाचार्य दुर्गेश राठौर ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नाड़ी वैद्य एवं आयुर्वेदाचार्य नागेंद्र शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए योग और आयुर्वेद को अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि दोनों पद्धतियां शरीर और मन को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में महिला पत्रकारों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और शहरवासियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया। महिला पत्रकार समूह द्वारा पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को प्रतिभागियों ने खूब सराहा। स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

Spread the word