फ्रूटी के अंदर निकली फंगस जैसी चीज, बच्ची बीमार; खाद्य विभाग ने लिए सैंपल

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्ची द्वारा पी जा रही फ्रूटी के अंदर फंगस जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
फ्रूटी पीते ही दिखी संदिग्ध चीज
जानकारी के अनुसार, मगरलोड क्षेत्र के करेलीबड़ी गांव में रहने वाली बच्ची ने पास के एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह उसे पी रही थी, तभी परिजनों की नजर जूस के डिब्बे के अंदर पड़ी, जहां कोई अनजान वस्तु या कीड़े जैसी चीज तैरती हुई दिखाई दी। यह देख परिजन घबरा गए और तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे।
खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम हरकत में आ गई। अधिकारियों ने संबंधित जनरल स्टोर पर पहुंचकर फ्रूटी के बैच के सैंपल जब्त किए और जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह उत्पाद किस होलसेल डीलर के माध्यम से दुकान तक पहुंचा।
खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या बाजार में ब्रांडेड नाम पर नकली खाद्य सामग्री बेची जा रही है, या फिर दुकानदारों द्वारा उत्पादों का सही रखरखाव नहीं किया जा रहा है। एक्सपायरी या खराब माल की बिक्री को लेकर भी आशंका जताई जा रही है।
विभाग का बयान
खाद्य विभाग ने कहा है कि फ्रूटी में फंगस जैसी वस्तु पाए जाने की पुष्टि हुई है। सैंपल की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और संबंधित रिटेलर की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।
