बिजली बोर्ड में 6 हजार रिक्त पदों को भरने जनता यूनियन ने दबाव बनाया

कोरबा 13 जून। छत्तीसगढ़ पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के कोरबा स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी 500 मेगावाट विद्युत परियोजना के मुख्य गेट पर विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया। कर्मचारी यूनियन ने अपने कई महत्वपूर्ण मुद्दों और मांगों को लेकर प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन पर विचार नहीं किया गया तो वे क्रमिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस प्रदर्शन को प्रदेश अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, पार्टी पदाधिकारी टीपी गुप्ता, पीके पाठक, समय लाल श्रीवास सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विद्युत कर्मचारियों के मुद्दे लंबे समय से अनदेखे रह गए हैं और इनका समाधान अब तत्काल होना चाहिए। कर्मचारियों संगठन ने प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से पुरानी पेंशन योजना का पुनरू कार्यान्वयन, 6000 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती, नए वेतनमान के लिए समिति गठन और विद्युत कंपनी में ठेकेदारी प्रथा का पूरी तरह से समाप्तिकरण करने पर जोर दिया। यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये सभी मांगें पूरी तरह से जायज हैं और अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।
पदाधिकारियों ने कहा कि जनता यूनियन पहले भी कई आंदोलनों के जरिए अपने हक के लिए संघर्ष कर चुकी है और परिणाम हासिल किए हैं। इसलिए इस आंदोलन को भी प्रबंधन को गंभीरता से लेना चाहिए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से सुखी दास, महंत उदय राठौर, योगेश राठौर, सागर देवांगन सहित कई कर्मचारियों ने भाग लिया और यूनियन के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया।
