मुड़ापार बेरियर के पास जमीन कब्जा करने का खेल जारी, नगर निगम ने कुछ मामलों में लिया एक्शन

कोरबा 13 जून। एसईसीएल मुड़ापार बेरियर के नजदीक केरियर पब्लिक स्कूल जाने वाले रास्ते पर जमीन कब्जाने का खेल जारी है। पुलिस सुरक्षा के बीच नगर निगम ने कुछ मामलों में बुलडोजर चला दिया, जबकि कुछ को राहत देते हुए छोड़ दिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने ऐतराज जताया पर सबकुछ बेनतीजा रहा।
सूत्रों के अनुसार इस क्षेत्र में सरकारी जमीन हथियाने का खेल कतिपय लोगों के द्वारा किया जा रहा है और इसे नेतानुमा लोगों का संरक्षण मिल रहा है। अधिकारियों के पास लगातार इस बारे में शिकायतें पहुंचती रही। आखिरकार मानसून सीजन से ठीक पहले इस पर संज्ञान लिया गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मानिकपुर चौकी पुलिस की टीम की देखरेख में निगम की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
आज सुबह लगभग डेढ़ घंटे यहां पर मैदानी अमले ने बुलडोजर के साथ उपस्थिति दर्ज कराई और कई अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई को लेकर कुछ महिलाओं ने बगावती तेवर दिखाने की कोशिश की जिन्हें महिला पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर शांत किया। बताया गया कि अतिक्रमण के चक्कर में कई प्रकार की समस्याएं खड़ी हो रही है और ऐसे में पानी निकासी का मसला खड़ा हो गया है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम ने एक्शन लेना जरूरी समझा। और भी क्षेत्रों को इस मामले में चिन्हित किया गया है।
