प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क निर्माण में बाधक मकान ढहाए

कोरबा। जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान शासकीय भूमि और सड़क निर्माण में बाधा बने अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पहली कार्रवाई कनकी-तरदा मुख्य मार्ग पर बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय के नेतृत्व में की गई। प्रशासनिक टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां पाया गया कि सिंचाई विभाग की शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान और दुकानें बनाकर कब्जा किया गया था। इतना ही नहीं, कुछ लोगों द्वारा जमीन की प्लाटिंग कर उसकी खरीद-बिक्री भी की जा रही थी।
प्रशासन के अनुसार, इस मामले में करीब 85 मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। नोटिस मिलने के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर शुक्रवार सुबह तीन मकानों और दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर सुतर्रा-जुरली के बीच की गई। यहां सड़क निर्माण में बाधा बन रहे तीन मकानों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए जरूरी थी।
पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
