बांकीमोंगरा में पेयजल संकट, विपक्ष ने दी आंदोलन की चेतावनी

कोरबा 12 जून। कोरबा-पश्चिम अंतर्गत नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में लगातार कई दिनों से टेप नलों में पानी नहीं आने से आमजन भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने पर विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोलते हुए सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के नेतृत्व में पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ की अनुपस्थिति में नगर पालिका के इंजीनियर शिव बर्मन को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि गर्मी शुरू होने से पहले भी जल संकट को लेकर प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजतन आज पूरा बांकीमोंगरा क्षेत्र पेयजल संकट से जूझ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि टेप नलों की खराब व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए।, हालात सामान्य होने तक दिन में दो बार नियमित जलापूर्ति की जाए।, जिन इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इंजीनियर शिव बर्मन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि टेप नलों से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा और आवश्यकता वाले क्षेत्रों में टैंकर भेजे जाएंगे।
विपक्षी पार्षदों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो नगर पालिका के खिलाफ उग्र जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान पार्षद राकेश अग्रवाल, नवीन कुकरेजा, संदीप डहरिया, हेमंत शाहनी, राजकुमार मिश्रा, राजकुमारी बंसी दास, संतोष मिश्रा, नंदलाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
