कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एशियन ट्रेडर्स में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार: 2.50 लाख का सामान बरामद

कोरबा। कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एशियन ट्रेडर्स में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.50 लाख मूल्य का चोरी गया सामान शत-प्रतिशत बरामद किया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 9 जून 2026 को पावर हाउस रोड निवासी विमल जाजोदिया ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों ने पीछे से प्रवेश कर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन और ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लक्ष्मणबन तालाब क्षेत्र के निवासी मनीष यादव (19) और प्रकाश चौहान (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 2.50 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

तेजी से कार्रवाई, 100% रिकवरी
घटना के कुछ ही समय में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कोरबा पुलिस की सतर्कता और सक्रियता को दर्शाती है।

इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम के जवानों—वासुदेव आदित्य, भूपेंद्र लहरे, चंद्रकांत गुप्ता, रामविलास, रमेंद्र वर्मन और चंद्रप्रकाश तंवर की सराहनीय भूमिका रही।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Spread the word