टीपी नगर रेलवे क्रॉसिंग चौक पर चालकों की मनमानी से बिगड़ रहा यातायात व्यवस्था

कोरबा 10 जून। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे क्रॉसिंग चौक पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। औद्योगिक नगरी होने के कारण इस मार्ग से दिनभर भारी वाहनों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे यहां अक्सर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो जाती है। हालात ऐसे हैं कि ट्रैफिक सिग्नल लगे होने के बावजूद यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस जवानों को लगातार निगरानी करनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर ट्रैफिक टाइमर और सिग्नल व्यवस्था मौजूद है, लेकिन बड़ी संख्या में वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में सिग्नल तोडने, गलत दिशा से प्रवेश करने और निर्धारित लेन का पालन नहीं करने जैसी हरकतें करते हैं। इसके कारण कई बार चौराहे पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। ट्रैफिक कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद एक-दो जवानों के लिए पूरे चौराहे की स्थिति को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। व्यस्त समय में यहां वाहनों का दबाव इतना अधिक हो जाता है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जाम का कारण बन जाती है। रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक होने के कारण स्थिति और जटिल हो जाती है, क्योंकि ट्रेन के आवागमन के दौरान वाहनों का अतिरिक्त दबाव एक साथ चौराहे पर पहुंच जाता है। नागरिकों का मानना है कि केवल सिग्नल और टाइमर लगाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराना होगा। लोगों का कहना है कि यदि ट्रैफिक पुलिस विशेष अभियान चलाकर सिग्नल तोडने, गलत दिशा में वाहन चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित एवं कड़ी कार्रवाई करे तो काफी हद तक व्यवस्था में सुधार लाया जा सकता है।

शहर के बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए विशेषज्ञ भी इस चौराहे पर अतिरिक्त ट्रैफिक स्टाफ की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और नियम तोडने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की आवश्यकता बता रहे हैं। समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

Spread the word