कोरबा विशेषः संक्षिप्त समाचार

सहकार्य बहुउद्देशीय सहकारी समिति कोरबा के संचालक मंडल सदस्यों के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी
कोरबा 08 जून 2026/ सहकार्य बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित कोरबा पंजीयन क्रमांक 345 जिला कोरबा के संचालक मंडल सदस्यों के निर्वाचन हेतु चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी श्री एच.के.चौहान द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 15 जून 2026 को सुबह 11.30 बजे से अपरांह 03.30 बजे तक समिति कार्यालय में लिया जायेगा। विशेष साधारण सम्मिलन में मतदान 22 जून को सुबह 10 बजे से अपरांह 03 बजे तक सोसायटी कार्यालय में कराया जायेगा। मतदान समाप्ति के एक घंटे के बाद समिति कार्यालय में मतगणना की जायेगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया 29 जून 2026 को प्रातः 11.30 बजे से अपरान्ह 03.30 बजे तक समिति कार्यालय में संपन्न होगी। निर्वाचन कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए समिति के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है।
……………
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना
कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी आवेदन पत्र 15 जून तक कर सकते हैं जमा
कोरबा 08 जून 2026/ आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास रायपुर द्वारा दिये गये निर्देशानुसार मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजनान्तर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु 06 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक लिखित परीक्षा का आयोजन किया जायेगा।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु जिले के विद्यार्थी 15 जून 2026 तक विद्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु विद्यार्थी अपने विद्यालय, संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जिला स्तर पर कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा व कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा से संपर्क कर सकते हैं।
………………
उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित स्पेशल लोक अदालत
आवेदन जमा करने की तिथि 31 मई से बढ़ाकर 31 जुलाई की गई
कोरबा 08 जून 2026/ उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित किये जा रहे समाधान समारोह (दिनांक 21, 22, एवं 23 अगस्त 2026 को उच्चतम न्यायालय में आयोजित स्पेशल लोक अदालत) के अन्तर्गत गूग्गल फार्म के माध्यम से मामले प्रस्तुत करने की समय-सीमा का उच्चतम न्यायालय, भारत के अनुसंधान एवं योजना केन्द्र तिलक मार्ग नई दिल्ली द्वारा विस्तार करते हुए आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि जो पूर्व में 31 मई 2026 तक निर्धारित थी उक्त तिथि को 31 जुलाई तक बढ़ाया गया है।
आमजनों से अपील की गई है कि कोई पक्षकार जिनके मामले 31 मई 2026 तक उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं और वे स्पेशल लोक अदालत हेतु अपना आवेदन जमा नहीं कर पाये हैं, वे 31 जुलाई 2026 तक अपने मामले के समाधान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
…………..
