मानिकपुर क्षेत्र में जानलेवा हमला, आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार

कोरबा 08 जून। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने धारदार हथियार से युवक पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 1 जून को हुई थी।

इस मामले में प्रार्थी प्रकाश सिंह पिता उदय सिंह, निवासी रामनगर, कोरबा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि उसका पुत्र प्रदीप दास शाम लगभग 6.40 बजे मोहल्ले में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ईश्वर बंजारे वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे धारदार कटरनुमा हथियार से प्रदीप दास पर हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी आरोपी द्वारा मारपीट की गई।

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 493/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध धारा 333, 296 एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। प्रकरण में फरार आरोपी की तलाश तेज की गई। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों एवं संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

Spread the word