सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत टैक्सी चालकों को किया गया जागरूक

कोरबा 0़7 जून। ’’ पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में संचालित ’”सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुराना एवं नया बस स्टैंड टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य टैक्सी, कैब एवं अन्य यात्री वाहन चालकों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने हाल के समय में सामने आ रही लूट, मारपीट, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक घटनाओं की जानकारी देते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति की बुकिंग स्वीकार करने से पहले उसकी पहचान सुनिश्चित करना आवश्यक है।
चालकों को यात्री से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य पहचान पत्र की प्रति व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त करने, उसका स्पष्ट फोटो लेकर परिजनों या विश्वसनीय परिचितों को भेजने तथा यात्रा के दौरान मोबाइल का जीपीएस चालू रखते हुए लाइव लोकेशन साझा करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने रात्रिकालीन यात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सुनसान स्थानों पर वाहन रोकने से बचने, मोबाइल फोन को पर्याप्त चार्ज रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना डायल 112 या निकटतम थाना को देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपस्थित टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों और चालकों ने पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा अन्य वाहन चालकों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कोरबा पुलिस द्वारा तैयार सुरक्षा एडवाइजरी एवं जागरूकता पोस्टर का वितरण भी किया गया।
