मेडिकल कॉलेज में बाइक चोर को मिला तालिबानी सजा

कोरबा 06 जून। कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों ने बाइक चोरी के एक आरोपी को तालिबानी सजा दी। युवक को अर्धनग्न कर बिजली पोल से बांधकर बेरहमी से पीटा गया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।


घटना सिविल लाइन थाना इलाके की है। मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा की जिम्मेदारी कामथेन कंपनी के पास है। घटना शुक्रवार रात में हुई जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल की बाइक अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। रात करीब 11.45 बजे वाहन ड्राइवर उत्तम ने दो युवकों को बाइक धक्का देकर ले जाते देखा। सूचना मिलने पर सुरक्षाकर्मियों ने उनका पीछा किया और कोसाबाड़ी चौक के पास पंप हाउस निवासी विशाल सागर नामक युवक को पकड़ लिया। नियमानुसार, आरोपी को 100 मीटर दूर स्थित सिविल लाइन थाने को सौंपना था। हालांकि, सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी उसे वापस अस्पताल परिसर ले आए। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने युवक को उसकी ही शर्ट से बिजली खंभे से बांध दिया और जमकर पिटाई की। आरोपी लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।

कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के आधार पर पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई। अगले दिन सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी विशाल सागर के खिलाफ कार्रवाई की है।

Spread the word