सोनपुरी पुल के पास कागजों से भरी मिनी ट्रक पलटी

कोरबा 01 जून। सर्वमंगला-कनबेरी मुख्य मार्ग पर आज सुबह सोनपुरी पुल के पास कागजों से भरी एक मिनी ट्रक के बीच सडक पर अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसका चालक बाल-बाल बच गया जबकि ट्रक में लदे कागज सडकों पर बिखर गए। मार्ग के बीचो-बीच वाहन के पलटने से कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पलटे वाहन को जेसीबी व क्रेन की मदद से खड़ा कर हटाया और आवागमन को सामान्य किया।

जानकारी के अनुसार एक मिनी ट्रक कागजों को लेकर सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग के रास्ते बिलासपुर की ओर जा रही थी। अभी वह सोनपुरी पुल के पास पहुंची थी कि अधूरे बने ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में ट्रक का चालक बाल-बाल बच गया। उसे मामूली चोटें आई है। वहीं कागज गिरकर बिखर गए। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिस पर उसके जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और मार्ग पर पलटे ट्रक को जेसीबी व क्रेन की मदद से हटाया। बताया जाता है कि इस मार्ग का ब्रेकर को आधा-अधूरा बनाकर छोड़ दिया गया है, जिसे वाहन चालक देख नहीं पाया और तेजी से पार करने का प्रयास किया। अधूरे ब्रेकर की वजह से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

Spread the word