पाली अस्पताल में शराबियों का हंगामा, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से की बदसलूकी

कोरबा 29 मई। कोरबा जिले के पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन शराबी युवक अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि युवकों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्रता की और उन्हें धमकी भी दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक अस्पताल में उस समय मरीजों का इलाज चल रहा था। इसी दौरान तीन युवक शराब के नशे में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बिना किसी वजह के विवाद करने लगे। युवकों की हरकतों से अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन डर गए। अस्पताल स्टाफ ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार बदसलूकी करते रहे।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक ग्राम नुनेरा और बनबाँधा के निवासी हैं। अस्पताल परिसर में उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मचारियों से बहस करते हुए माहौल खराब कर दिया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हंगामे के कारण अस्पताल में कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल रहा। वहीं घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में भी नाराजगी देखने को मिली। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि डॉक्टर और स्टाफ बिना डर के काम कर सकें।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी घटना को गंभीर बताते हुए जांच की बात कही है। अस्पताल कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Spread the word