अंबिकापुर में विधायक और नायब तहसीलदार विवाद बढ़ा, थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने

अंबिकापुर। Ramkumar Toppo और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है, जबकि नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

थाना परिसर में नारेबाजी, बढ़ाई गई सुरक्षा

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब कार्रवाई की मांग को लेकर विधायक समर्थक और राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारी थाने पहुंच गए। दोनों पक्ष थाना परिसर में आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने थाने में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया।

विधायक बोले- बहन से बदतमीजी के कारण बढ़ा विवाद

एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनकी बड़ी बहन के साथ नायब तहसीलदार ने अभद्र व्यवहार किया था, जिसके कारण विवाद बढ़ गया।विधायक ने कहा कि वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने इसे “सुशासन की सरकार” बताते हुए कहा कि विधायक पर भी एफआईआर दर्ज होना निष्पक्ष कार्रवाई को दर्शाता है।

राजस्व निरीक्षक संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

दूसरी ओर राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विधायक रामकुमार टोप्पो की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और सामूहिक हड़ताल की जाएगी। वहीं विधायक समर्थकों ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Spread the word