भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो सहित कई लोगों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
नायब तहसीलदार ने लगाए मारपीट के आरोप
नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि विधायक रामकुमार टोप्पो अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और राजापुर चौराहे पर सार्वजनिक रूप से उनके साथ मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और जमीन पर गिराकर पिटाई की।
पुलिस ने इस मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
महिला की शिकायत पर तहसीलदार के खिलाफ भी मामला दर्ज
मामले की दूसरी तरफ विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि तहसीलदार ने जातिगत टिप्पणी की, अश्लील इशारे किए और धक्का-मुक्की करते हुए जबरन कार्यालय से बाहर निकाल दिया।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 79 के तहत जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
विवाद के बाद बढ़ा राजनीतिक माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भाजपा और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच इस विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सरगुजा पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से दर्ज मामलों की जांच जारी है।
