ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते बिजली विभाग का JE गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एमसीबी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार बजाज के रूप में हुई है। उस पर घरेलू बिजली कनेक्शन लगाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
बिजली कनेक्शन के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, डोमनापारा निवासी रमेश कुमार ने घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला ने कनेक्शन जारी करने और घर तक बिजली लाइन खींचने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
पीड़ित रमेश कुमार ने मामले की शिकायत अंबिकापुर स्थित ACB कार्यालय में की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
9,500 रुपये लेते पकड़ा गया JE
एसीबी टीम मनेन्द्रगढ़ पहुंची और शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा। जैसे ही रमेश कुमार ने 9 हजार 500 रुपये कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार बजाज को दिए, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ जारी
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार JE मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को पूछताछ के लिए अंबिकापुर ले जाया गया है।मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
