रायगढ़ में कबाड़ दुकान में लगी भीषण आग, हाईवे पर मचा हड़कंप; 4 दमकल गाड़ियां मौके पर

रायगढ़ । रायगढ़ जिले में नेशनल हाईवे स्थित छातामुड़ा बाईपास रोड पर शनिवार को एक कबाड़ दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसका धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, आग हीरो मोटोकॉर्प मोटरसाइकिल शोरूम के पास स्थित एक कबाड़ दुकान में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

आग बुझाने में जुटीं 4 फायर ब्रिगेड गाड़ियां

स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन नेशनल हाईवे के एक हिस्से को कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

शोरूम से बाहर निकाली गईं बाइकें

आग पास में मौजूद हीरो शोरूम तक न पहुंचे, इसके लिए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर शोरूम में खड़ी कई बाइकों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते यह कदम उठाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। कबाड़ दुकान में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए है।

Spread the word