विनीता मौत कांड: चौथे दिन कब्र से निकाला गया शव, दहेज प्रताड़ना के आरोपों से सनसनी

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भलपहरी में विवाहिता विनीता की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। दफन के चौथे दिन प्रशासन ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मायके पक्ष ने पति मुकेश पाटले और सास-ससुर पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि विनीता को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
शुक्रवार को भारी पुलिस बल, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव उत्खनन की कार्रवाई की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि शुरुआत में ससुराल पक्ष ने शव निकालने का विरोध किया, लेकिन बाद में पुलिस की समझाइश पर कार्रवाई पूरी हुई।
मृतिका की मां ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश भी की गई थी। वहीं हाल ही में पति मुकेश कुछ रिश्तेदारों को गांव के पंच-सरपंच बताकर मायके पहुंचा और समझाइश के नाम पर विनीता को वापस ले गया था।
परिजनों का दावा है कि मौत के बाद शव पर चोट के निशान थे और नाक-मुंह से खून भी निकला था। इसके बावजूद बिना पोस्टमार्टम जल्दबाजी में शव दफन कर दिया गया, जिससे संदेह और गहरा गया।
विनीता की बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले तक वह पूरी तरह स्वस्थ थी और एक शादी समारोह में डांस भी कर रही थी। ऐसे में अचानक मौत होने पर परिवार सवाल उठा रहा है।
वहीं पति मुकेश पाटले ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई है। उरगा थाना पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
