पटरी पर गिरे कोयले से अनबैलेंस हुई मालगाड़ीः इंजन सहित 6 पहिए उतरे नीचे, टला बड़ा हादसा

कोरबा 20 मई। जिले के साउथ ईस्टर्न कोलफिर्ल्ड्स लिमिटेड के कुसमुंडा साइडिंग में बुधवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन अचानक बेपटरी हो गया, जिससे इंजन के छह पहिए पटरी से नीचे उतर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि चालक और कर्मचारियों की सतर्कता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार कुसमुंडा साइडिंग में मालगाड़ी में कोयला लोड किया जा रहा था। इसी दौरान इंजन का संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी से उतर गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक पर काफी मात्रा में कोयला जमा था। आशंका जताई जा रही है कि इंजन के पहिए कोयले की परत पर चढ़ गए, जिससे इंजन असंतुलित होकर बेपटरी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और एसईसीएल अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद रेलवे की एटीआर (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन और विशेष उपकरणों की मदद से इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया।
हादसे के चलते कुछ समय तक उस ट्रैक पर कोयला परिवहन और लोडिंग कार्य प्रभावित रहा। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य रेलवे लाइन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और अन्य मार्गों से परिवहन सामान्य रूप से जारी रहा।
कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था और समय रहते इंजन को सुरक्षित पटरी पर वापस ला लिया गया। उन्होंने कहा कि साइडिंग में गिरे कोयले के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। संबंधित एजेंसी को ट्रैक की नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
