ऑनलाइन बिक्री के खिलाफ आज बंद रहेगा दवा व्यवसाय

कोरबा 20 मई। ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने और जीएसआर 220-ई व जीएसआर 817-ई को वापस लेने की मांग को लेकर कोरबा जिले में भी औषधि विक्रेता संघ 20 मई को दुकान बंद रखेगा। हड़ताल का आह्वान छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने किया है। जिलाध्यक्ष उमेश सिरोठिया ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और दवाओं का सही उपयोग हमारी प्रमुख मांग है। एसोसिएशन ने 20 मई की हड़ताल को लेकर कई कारण गिनाएं हैं। उनका कहना है कि एआई से फर्जी पर्चियां बनाई जा रही है जिसमें डॉक्टर फर्जी हैं और ऑनलाइन परामर्श नकली है। इसमें असली प्रिस्क्राइबर की पहचान छिपी है। एंटी बॉयटिक्स, एनडीपीएस, साइकोट्रोपिक दवाईयां बिना जांच के दी जा रही है। इसमें जवाबदेही की कमी है और एक ही पर्चे का बार-बार दुरुपयोग हो रहा है।

प्रतिबंधित दवाओं की अनियंत्रित बिक्री के कारण युवाओं में नशे का खतरा बढ़ रहा है। फार्मासिस्ट के सम्मान और भूमिका पर चोटपहुंच रही है। संगठन का कहना है कि दवाईयों को आवश्यक के बजाय व्यवसायिक वस्तु बना दिया गया है। नियमों की खामियों से दुरुपयोग के कारण जन स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो रहा है। उमेश सिरोठिया ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर कोरबा जिले में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दवा दुकानें बंद रहेंगी। इसके लिए सभी को अवगत करा दिया गया है।

प्रशासन ने कहा-खुले रहेंगे सभी जन औषधि केंद्र
उधर जिला प्रशासन की ओर से केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की हड़ताल के मद्देनजर लोगों से कहा गया है कि वे अपने उपयोग की दवाओं की व्यवस्था जरूर कर लें ताकि दिक्कत न हो। स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री जनौषधि केंद्र शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पूर्ववत अपनी सेवाएं देते रहेंगे। सरकारी अस्पतालों में भी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है। लोगों को किसी भी कीमत पर परेशान न होना पड़ा, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।

Spread the word