शादीशुदा होने का राज खुलते ही प्रेमिका की हत्या, महिला वकील मर्डर केस में पुलिस का खुलासा, सक्ती से आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के तुमीडीह में हुए चर्चित महिला वकील हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल को सक्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतका आराधना के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आरोपी के पहले से शादीशुदा होने की सच्चाई सामने आने के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी शादी की बात प्रेमिका से छुपा रखी थी। हाल ही में व्हाट्सएप डीपी में पत्नी की तस्वीर देखने के बाद मृतका को पूरे मामले की जानकारी मिली। इसके बाद आए दिन दोनों के बीच झगड़े होने लगे। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि प्रेमिका उसे कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दे रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।

आरोपी ने हत्या की योजना बनाकर एक दिन पहले प्रेमिका को सक्ती ले जाकर समझाने की कोशिश की और होटल में भी रुका, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। अगले दिन वह उसे तुमीडीह के जंगल में ले गया, जहां पहले गला दबाकर हत्या की और फिर पहचान छुपाने के लिए सिर पर पत्थर से वार किया। घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की।

पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

इस घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओं ने मौन जुलूस निकालकर पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को ज्ञापन भी सौंपा।

Spread the word