कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने किया हाउसिंग अलॉटमेंट कमेटी का गठन, कर्मचारियों में खुशी

कोरबा 12 मई। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र में हाउसिंग अलॉटमेंट कमेटी के लिए अपने प्रतिनिधियों की नामांकन सूची जारी की है। इस निर्णय के बाद श्रमिकों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कोयला मजदूर सभा के महासचिव नथूलाल पांडे द्वारा एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर कमेटी के लिए सदस्यों का नामांकन किया गया है। इस कमेटी में वरिष्ठ ओवरमैन दीपक कुमार दुबे और फोरमैन सुशील कुमार पांडे को सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है। दोनों को हाउसिंग अलॉटमेंट कमेटी की बैठकों में कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया गया है।
इस फैसले से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि इससे आवास आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता और श्रमिक प्रतिनिधित्व को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। श्रमिक संगठनों का मानना है कि इस तरह की पहल से कर्मचारियों की समस्याओं का बेहतर समाधान होगा और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
