समुद्र में बहाया जा रहा है कच्चा तेल, पर ईरान ने किया इनकार; फारस की खाड़ी के जलीय जीवन पर पड़ेगा विपरीत असर

तेहरान / वाशिंगटन, ईरान के खिलाफ अमरीकी समुद्री नाकेबंदी से अब फारस की खाड़ी के जलीय पर्यावरण पर भी गहरा दुष्प्रभाव पड़ रहा है। ईरान रोज 30 लाख बैरल तक कच्चे तेल का उत्पादन करता है। इसका ज्यादातर हिस्सा खर्ग द्वीप से निर्यात किया जाता है। अमरीकी नाकेबंदी के कारण यहां से तेल निर्यात ठप हो गया है। इस बीच ईरान के तेल भंडारण की क्षमता भी पूरी हो गई है। ऐसे में कच्चा तेल अब समुद्र में बहाया जा रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों से इसकी पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया है। इसमें द्वीप के आसपास 20 से 45 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में समुद्र में तेल फैला दिख रहा है। पर्यावरणविदों ने चेतावनी दी है कि अगर इसे नियंत्रित न किया गया तो फारस की खाड़ी के जलीय जीवन, तटीय उद्योग और मछली उद्योग को गंभीर नुकसान हो सकता है।

इस बीच ईरान ने खर्ग द्वीप से तेल लीक होने की रिपोर्ट्स से इनकार किया है। जबकि 6-8 मई 2026 के बीच यूरोपीय उपग्रहों (Sentinel-1, 2, 3) द्वारा ली गई तस्वीरों से ईरान के खर्ग द्वीप (Kharg Island) के पास समुद्र में बड़े तेल रिसाव (Oil Spill) का खुलासा हुआ है। यह रिसाव, जो करीब 52 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है, ईरान के मुख्य तेल टर्मिनल के पश्चिम में एक ग्रे और सफेद धब्बे के रूप में दिखाई दे रहा है।

ईरान ने दिया अमरीकी प्रस्ताव का जवाब…

ईरान के सरकारी मीडिया ने कहा है कि पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से तेहरान ने 14 बिंदुओं वाले अमरीकी प्रस्ताव पर अपना जवाब भेज दिया है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि जवाब में तेहरान क्या कहा।

मालवाहक पोत पर हमला

ब्रिटिश मैरीटाइम टेड ऑपरेशंस के अनुसार खाड़ी में कतर के तट के पास दोहा से 23 समुदी भील उत्तर पूर्व में एक मालवाहक जहाज पर हमले के बाद आग लग गई।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि ईरान के परमाणु हथियार बनाने की पुष्टि नहीं हुई है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ऊर्जा जरूरतों तक सीमित है।

आईआरजीसी की धमकी-हमले को तैयार: आईआरजीसी ने कहा है कि वह मिसाइल और ड्रोन हमले के लिए तैयार है। हमारी अंगुली ट्रिगर पर है। अगर होर्मुज या उसके आसपास उसके किसी तेल टैंकर या व्यापारिक जहाज पर हमला हुआ, तो उसका अंजाम बहुत बुरा होगा।

Spread the word