प्रमोशन के बाद ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे एसईसीएल के पूर्व जीएम की सड़क हादसे में मौत

पदोन्नति की खुशी मातम में बदली
कोरबा 08 मई। कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। नेशनल हाईवे-130 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरूण कुमार त्यागी की मौत हो गई। हादसा बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार त्यागी को हाल ही में डायरेक्टर टेक्निकल (डीटी) पद पर प्रमोशन मिला था। वह नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कार से सिंगरौली जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे एक पार्सल वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है। पदोन्नति की खुशियां मातम में तब्दील हो गई वहीं परिजनों पर भी दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
