निगम के कोरबा जोन में गुरूवार 07 मई को आयोजित होगा सुशासन तिहार शिविर, उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन करेंगे शिविर का शुभारंभ

कोरबा 06 मई 2026 – नगर पालिक निगम कोरबा के कोरबा जोन कार्यालय में गुरूवार 07 मई 2026 को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया जायेगा। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी व श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन बतौर मुख्य अतिथि शिविर का शुभारंभ करेंगे, वहीं उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के द्वारा की जायेगी। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने सुशासन तिहार शिविर की त्रुटिरहित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने व शिविर का सफल संचालन किये जाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों केा दिये है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप नगर पालिक निगम केारबा क्षेत्रांतर्गत सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जायेगा, इस आयोजन के तहत विभिन्न जोन में ’’ सुशासन तिहार शिविर ’’ लगाये जायेंगे, जहॉं पर विभिन्न शासकीय योजनाओ के संबंध में व्यापक जनजागरूकता, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभों का वितरण, शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 01 माह के भीतर निराकरण तथा प्रत्येक आवेदन को उसके आवेदन के निराकरण की सूचना दिये जाने की कार्यवाही संपादित कराई जायेगी। इस दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र आमनागरिकों से प्राप्त किये जायेगे तथा उन पर निर्धारित समयसीमा के अंदर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इसी कड़ी में गुरूवार 07 मई को कोरबा जोन कार्यालय में सुशासन तिहार शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ दोपहर 12 बजे उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के हाथों किया जायेगा।
11 मई को टी.पी.नगर जोन कार्यालय में शिविर – सुशासन तिहार-2026 के नगर निगम कोरबा के नोडल अधिकारी अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा एवं सहायक नोडल अधिकारी उपायुक्त श्री पवन वर्मा ने बताया कि शिविर आयोजन की अगली कड़ी में टी.पी.नगर जोन में 11 मई को, कोसाबाड़ी जोन में 13 मई को, पं.रविशंकर शुक्लनगर जोन में 15 मई को, बालको जोन में 20 मई को, दर्री जोन में 22 मई को तथा सर्वमंगलानगर जोन में 25 मई को सुशासन तिहार शिविर आयोजित किये जायेंगे। उन्होने बताया कि प्रत्येक शिविर हेतु कार्यपालन अभियंता व सहायक अभियंता स्तर के अधिकारियों को शिविर का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है, जो अपने स्तर पर आवश्यक कर्मचारियांे की तैनाती शिविरों में करेंगे, आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करायेंगे तथा शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे। यह शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक आयोजित होंगे।
जिले के विभिन्न विभागों के काउंटर होंगे स्थापित – सुशासन तिहार शिविरों में नगर पालिक निगम केारबा के साथ-साथ जिले के राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा), उद्यान विभाग, कृषि विभाग, छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण मर्यादित कम्पनी, समाज कल्याण विभाग, जिला शहरी विकास अभिकरण, परिवहन विभाग, जिला ई-गवर्नेेस आदि सहित अन्य विभागों के काउंटर स्थापित किये जायेंगे, जिनके द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदन पत्र आमजन से लिये जायेंगे तथा उनका समयसीमा में निराकरण किया जायेगा।
