अटल आवास में युवक की गुंडागर्दी से लोग परेशान, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

कोरबा 06 मई। शहर के तुलसीनगर स्थित अटल आवास में रहने वाले एक युवक की दबंगई और गुंडागर्दी से पूरा मोहल्ला दहशत में है। आरोपी रिजवान अंसारी पर लगातार मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। हालात से परेशान होकर बुधवार को बड़ी संख्या में बस्तीवासी कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
छत से ईंट फेंककर हमला, वीडियो वायरल
आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह एक मकान की छत पर खड़ा होकर लोगों पर ईंट से हमला करता नजर आ रहा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
घर में घुसकर चाकू दिखाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिजवान अंसारी घरों में घुसकर चाकू दिखाकर धमकाता है और मारपीट की कोशिश करता है। कई बार वह दरवाजों को लात मारकर तोड़ने की कोशिश करता है। आरोपी खुलेआम कहता है कि “पुलिस उसकी जेब में है”, जिससे लोगों में और ज्यादा डर का माहौल बन गया है।
मोहल्ले में जरूरी सेवाएं भी ठप
आरोपी के डर से अटल आवास में सब्जी, दूध और अन्य सामान बेचने वाले भी आना बंद कर चुके हैं। महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।
महिलाओं-बेटियों से अभद्रता के आरोप
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने कई महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की है। पुरुषों के साथ भी वह लगातार विवाद करता है।
दुकान तोड़ी, परिवार को दी धमकी
2 मई 2026 को आरोपी ने सोनू नामक व्यक्ति की बंद दुकान का दरवाजा लाठी-डंडे और ईंट से तोड़ दिया। जब सोनू के पति राजेश गोंड़ ने विरोध किया, तो उन्हें गालियां देते हुए दुकान न खोलने पर आग लगाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
बच्चे को मारा थप्पड़, चोट का आरोप
एक अन्य मामले में आरोपी ने घर के बाहर खेल रहे एक बच्चे को थप्पड़ मार दिया, जिससे उसके कान में चोट आई और सुनने में परेशानी होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने लिया संज्ञान, गिरफ्तारी की तैयारी
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि लोगों की शिकायत पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
