कोरबा नर्सरी में भीषण आग, कई एकड़ क्षेत्र जलकर खाक

कोरबा। जिले के रिसदी स्थित वन विभाग की चिड़ियाघर नर्सरी में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 4 बजे शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक उठती आग की लपटें और आसमान में छाया काला धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
तेजी से फैली आग, बचाव का नहीं मिला मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि नर्सरी में मौजूद पौधों और पेड़ों को बचाने का मौका ही नहीं मिल सका। देखते ही देखते कई कीमती पौधे और सालों पुराने पेड़ जलकर राख हो गए। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन सीमित संसाधनों के चलते आग बुझाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पशु-पक्षियों पर मंडराया खतरा
आग का असर केवल पेड़-पौधों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि नर्सरी में रहने वाले पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं का जीवन भी खतरे में पड़ गया। आग की लपटों से बचने के लिए पक्षी अपने घोंसले छोड़कर उड़ते नजर आए, जबकि छोटे जीव-जंतु इधर-उधर भागते दिखाई दिए। कई घोंसले और प्राकृतिक आवास पूरी तरह नष्ट हो गए।
असामाजिक तत्वों पर शक
प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नर्सरी में जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले भी इसी स्थान पर आग लगने की घटना हुई थी, जिससे विभाग की चिंता और बढ़ गई है।
