राखड़ से घिरा लोतलोता, पूर्व सरपंच ने फिर उठाई आवाज,-जांच की मांग

कोरबा 06 मई। ग्राम लोतलोता में राखड़ (फ्लाई ऐश) डंपिंग को लेकर ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पूर्व सरपंच केशर प्रसाद भारिया ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (कोरबा-पश्चिम) द्वारा बंद पड़े राखड़ बांध में दोबारा राखड़ डंप किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है।
ज्ञापन में बताया गया है कि लोतलोता स्थित राखड़ बांध को 4-5 वर्ष पहले क्षमता से अधिक भराव के कारण बंद किया गया था। इसके बावजूद अब ग्राम झाबू के राखड़ बांध से राखड़ लाकर यहां और आसपास के खाली स्थानों पर डाला जा रहा है। इससे पूरे गांव में धूल और प्रदूषण की स्थिति बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हल्की हवा चलते ही पूरा क्षेत्र राखड़ की धूल से भर जाता है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में भी भोजन तक में राखड़ गिरने की शिकायत सामने आई है, जिससे मेहमानों को परेशानी हो रही है। वहीं आगामी बरसात में यह समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की फसल भी प्रभावित हो सकती है।
पूर्व सरपंच ने पहले भी इस संबंध में शिकायत किए जाने का हवाला देते हुए कहा कि आज के वीडियो में भी स्थिति साफ दिखाई दे रही है कि लोतलोता पंचायत राखड़ से प्रभावित हो चुकी है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव को इस समस्या से राहत मिल सके।
