कोरबा 06 मई। अगर आप नया विद्युत कनेक्शन लगवाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको बार-बार बिजली ऑफिस के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। घर बैठे पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी और आपके मकान और संबंधित स्थान पर आसानी से बिजली मीटर लग जाएगा।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को नई सौगात दी गई है। बिजली विभाग ने नया कनेक्शन लेने के लिए बार-बार दफ्तर जाने से मुक्ति दिलाने ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह से सुगम बना दिया हैै। अब घर बैठे ही कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

इस पहल का उद्देश्य प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा सरलता लाना हैै। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने उपभोक्ताओं की सेवा में विस्तार करते हुए 1 अप्रैल से नवीन विद्युत कनेक्शनों के आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने की सुविधा प्रारंभ की है। अब लोगों को नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नवीन कनेक्शनों के ऑनलाइन आवेदन मोर बिजली एप व सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) में कंपनी वेबसाइट के माध्यम से भी कर सकता है। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की वेबसाइट पर पंजीकृत ऑनलाइन नवीन कनेक्शनों के आवेदनों पर विद्युत कंपनी द्वारा आगामी कार्रवाई संपादित की जाएगी। बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक एकेअम्बस्थ ने बताया कि 1 अप्रैल से सभी नवीन विद्युत कनेक्शनों के आवेदन पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण रूपेण ऑनलाइन ही किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील किया है कि नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट में मोबाइल एप्लिकेशन मोर बिजली एप व सीएससी(कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से अपना पंजीयन कराएं। ऐसे आवेदक जो आवेदन ऑनलाइन नहीं कर भौतिक रूप से वितरण केन्द्र, जोन व उपसंभाग कार्यालय में प्रस्तुत करते हैं, उनके आवेदनों को ऑनलाइन कनेक्शन संबंधित कार्यालयों के हेल्प डेस्क के लिए जिम्मेदार ऑफिस स्टॉफ, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता द्वारा कार्यालय के कम्प्यूटर सिस्टम में ऑनलाइन पंजीबद्ध करना होगा। आवेदन आवेदक के मोबाइल नम्बर से ही ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा।

Spread the word