शार्ट सर्किट से साईं फैंसी में लगी आग

कोरबा 04 मई। बांकीमोंगरा में पुराने साडा काम्प्लेक्स में संचालित साईं फैंसी नामक दुकान में आज सुबह आग लग गई। शार्ट सर्किट को इसकी वजह बताया गया। घटना में दुकान को नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते आसपास के लोगों ने आग पर काबू कर लिया। इससे पहले भी इस काम्प्लेक्स में आगजनी की घटना हो चुकी है फिर भी लोगों ने सबक लेने की जरूरत नहीं समझी।

संजय कुमार सिंह के द्वारा साईं फैंसी स्टोर्स का संचालन लंबे समय से पूववर्ती साडा काम्प्लेक्स की दुकान में किया जा रहा है। यहां पर अलग-अलग केटेगरी की दुकानें मौजूद हैं। इन दुकानों का आबंटन जिस आकार में बीते वर्षों में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की ओर से लोगों को किया गया था, उसके मुकाबले कई गुना ज्यादा क्षेत्र घेर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार आगे-पीछे दुकानों को बढ़ा लेने के कारण खतरे पैदा हुए हैं। सोमवार को सुबह 11 बजे के आसपास यहां आगजनी की घटना हुई, जिसने फैंसी दुकान को चपेट में लिया। इसमें दुकान का कुछ सामान प्रभावित हुआ। पास में ही ट्रांसफार्मर और दूसरे दुकानों की उपस्थिति के कारण लोग बड़े नुकसान से भयभीत हुए। इसलिए उन्होंने फौरी तौर पर आग पर काबू करने में देर नहीं की। घटना में हजारों का नुकसान होने के दावे किए जा रहे हैं। आगजनी की घटना को लेकर नगर पालिका की सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो से मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उनका जवाब था ऐसी किसी घटना के बारे में नगर पालिका के पास कोई सूचना नहीं है।

भाजपा शासित नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में कामकाज ढर्रे पर चल रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। जानकारी के अनुसार साडा काम्प्लेक्स में दुकानदारों के द्वारा आगे-पीछे टेंट और दूसरी व्यवस्था से विस्तार करने के कारण हालात बिगड़े हैं और आगजनी जैसी घटनाएं हो रही है। बताया गया कि एक दुकान के मामले में नगर पालिका कर्मचारी की रिश्तेदारी आड़े आ रही है, इसलिए उस पर कार्यवाही संभव नहीं है। दूसरे लोग भी ऐसा ही आधार सामने रख रहे हैं। पूरे मामले में नगर पालिका के अधिकारी से लेकर कर्मी मूकदर्शक बने हैं। लगता है कि उन्हें किसी बड़ी घटना की प्रतीक्षा है।

Spread the word