भीषण सड़क हादसा: फोक नदी में गिरी कार, 4 युवकों की मौत, 2 की हालत नाजुक

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। इस हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास स्थित फोक नदी के पुल की है। मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी कुछ युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी कार से वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे नदी में जा गिरी।

कार में कुल 6 युवक सवार थे। हादसे में अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Spread the word