अधिवक्ता के घर लाखों की हुई चोरी मामले का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा 01 मई। कटघोरा पुलिस ने अधिवक्ता के सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर में चोरी हुई थी। अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर से करीब 10 तोला सोने के जेवर, जिनमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल और करीब 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर अमित खांडे और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के गहने, 3000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की। पुलिस के अनुसार, अमित खांडे का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कटघोरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Spread the word