परिवहन नियमों का उल्लंघनः अधिक किराया वसूली व गंभीर अनियमिततां मामले में कई बसों पर हुई कार्रवाई

कोरबा 30 अप्रैल। जिले में बसों द्वारा अधिक किराया वसूली और परिवहन नियमों के उल्लंघन की लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की गई। जांच अभियान के दौरान कई बसों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान सीजी 10जी 1652 बस में 52 सीट होने के बावजूद किराया सूची प्रदर्शित नहीं की गई थी और यात्रियों को टिकट भी जारी नहीं किया जा रहा था। इस पर 1000 रुपये का चालान किया गया। वहीं बीआर 26 पीबी 8038 बस में स्लीपर परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाया गया, जिसके चलते 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसी तरह बीआर 26 पीए 8110 बस में अधिक किराया वसूली, किराया सूची का अभाव तथा कंडक्टर के वर्दी में न होने जैसी खामियां सामने आईं, जिस पर 4000 रुपये का चालान किया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई सीजी 04 ई 3156 स्कूल बस पर की गई, जिसमें टैक्स, परमिट, फिटनेस, बीमा और पीयूसी जैसे जरूरी दस्तावेज नहीं थे, साथ ही चालक के पास वैध लाइसेंस भी नहीं पाया गया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए उक्त बस को जब्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word