2030 तक शुरू हो सकती है चांद पर इंसानों की स्थायी मौजूदगी..!

वाशिंगटन. चांद पर इंसान के रहने की संभावना अब और ज्यादा बढ़ गई है। अमरीकी एयरोस्पेस और डिफेंस कंपनी वॉयेजर स्पेस के सीईओ डायलन टेलर ने दावा किया है कि 2030 तक चांद पर स्थायी मानव मौजूदगी शुरू हो सकती है।

डायलन टेलर के अनुसार 2030 के आसपास वहां पूरा शुरुआती लूनर बेस (चंद्र-आवास) तैयार हो सकता है, जहां इंसान रहकर काम भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह बेस शुरू में अपोलो मिशन की तरह सिर्फ छोटे-छोटे दौरे के लिए नहीं होगा, बल्कि यहां धीरे-धीरे स्थायी रहने की व्यवस्था बनेगी।

चांद पर सेल्फ-ग्रोइंग सिटी

स्पेसएक्स का कहना है कि वह चांद पर एक सेल्फ-ग्रोइंग (स्वयं-विकसित होने वाला) शहर बनाने पर काम कर रहा है, जो संभवतः 10 साल से कम समय में बन सकता है, जैसा कि एलन मस्क ने भी दावा किया है।

मैक्स स्पेस बनाएगा टिकाऊ आवास

चांद पर मानव जीवन के लिए सुरक्षित और टिकाऊ आवास बनाने के लिए वॉयेजर ने मैक्स स्पेस कंपनी में भी कई मिलियन डॉलर निवेश की घोषणा की है, ताकि विस्तारणीय आवास विकसित किए जा सकें। मैक्स स्पेस के सीईओ सलीम मियां के अनुसार उनका लक्ष्य ऐसे आवास बनाना है, जो सिर्फ चांद तक पहुंचने के लिए नहीं, बल्कि वहां लंबे समय तक रहने के लिए डिजाइन किए गए हों और आर्थिक रूप से भी संभव हों।

Spread the word