राखड़ डंपिंग को लेकर ग्रामीणों का विरोधः बंद राखड़ डेम में फिर से डंपिंग, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

कोरबा 28 अपै्रल। जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोतलोता में बंद पड़े राखड़ डेम में फिर से राखड़ डंप किए जाने का मामला सामने आया है। पूर्व सरपंच केशर प्रसाद भारिया ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (कोरबा-पश्चिम) पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि लोतलोता का राखड़ डेम 4-5 वर्ष पहले क्षमता से अधिक भर जाने के कारण बंद किया जा चुका है। इसके बावजूद झाबू स्थित डेम से राखड़ लाकर यहां और आसपास खाली जमीन पर डंप किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इससे गंभीर समस्या पैदा हो रही है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में भोजन तक राखड़ से प्रभावित हो रहा है, वहीं आने वाले बारिश के मौसम में किसानों की फसल पर भी इसका बुरा असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Spread the word