मुक्तिधाम से उठी चिंगारी ने मकान व सामान को किया स्वाहा

कोरबा 27 अपै्रल। सच है कि आत्मा नहीं बल्कि शरीर नाशवान है और अंतिम संस्कार के दौरान आत्मा से पृथक होकर शरीर आग में भष्मीभूत हो जाता है। पचरा गांव में एक मृतक को लोगों ने आज सुबह मुक्तिधाम में मुक्ति दी, लेकिन यहां से उठी चिंगारी ने नजदीक के एक मकान और भीतर रखे सामान को स्वाहा कर दिया। घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया।
कोरबा जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर पचरा गांव में सुबह यह घटना हुई। बताया गया कि पचरा में निवासरत भुवन पाल 75 वर्ष का निधन हो गया। परिजनों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। ग्रामीणजनों के सहयोग से मृतक के पार्थिव शरीर को स्थानीय मुक्तिधाम ले जाया गया जहां पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। उस समय हल्की हवा चल रही थी। किसी को भी ऐसा अंदाजा नहीं था कि यहां से उठी हल्की सी चिंगारी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। खबर के अनुसार चिंगारी ने स्थानीय ग्रामीण उमेश के घर को कुछ ही देर में जला दिया। आग के प्रभाव से भीतर रखे सभी प्रकार के सामान राख हो गए। इनमें खाने-पीने की सामाग्री से लेकर कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरत की चीजें शामिल थीं। यह सब इतना जल्द हुआ कि अग्नि पर नियंत्रण के लिए न तो किसी का दिमाग चला और न समय मिला। गांव में यह अपने तरह की पहली घटना है। जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
परिजनों ने भागकर बचाई जान
बताया कि घटना के समय घर में उमेश कुमार अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थे, जबकि उनकी पत्नी नहाने के लिए बाहर गई हुई थीं। अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही उमेश और उनके दोनों बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। सरपंच पति शिवनंदन कुजूर ने कहा कि पीडित परिवार को राहत दिलाने के लिए जल्द कोशिश करेंगे।
आरबीसी 6-4 से मदद
प्राकृतिक आपदा में संपत्ति के नुकसान पर सहायता का प्रावधान है। जबकि आगजनी की घटनाओं में सामान्य तौर पर सामानों को पहुंचने वाले नुकसान को लेकर सहायता दी जाती है। प्रभावित पक्ष आरबीसी 6-4 के अंतर्गत पटवारी या तहसीलदार को आवेदन कर सकता है।
मनोज बंजारे, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा
