रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, डायल 112 की गाड़ी में लेन-देन से उठे सवाल

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के घुमका थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत चारभाटा से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डायल 112 की गाड़ी में बैठे एक पुलिसकर्मी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि पुलिस वाहन में मौजूद जवान किसी व्यक्ति से नगदी ले रहा है। बताया जा रहा है कि मामला एक किसान के खेत में लगे बबूल के पेड़ों की कटाई से जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार, लकड़ी ठेकेदार से कार्रवाई न करने के एवज में पैसे मांगे गए थे।

इस मामले में घुमका थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश पटेल पर आरोप लग रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

हालांकि, इस वीडियो की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहन में इस तरह का मामला सामने आना बेहद गंभीर माना जा रहा है। यह सवाल उठ रहा है कि पुलिस की मौजूदगी में इस तरह का लेन-देन आखिर किस आधार पर किया जा रहा था और क्या यह वसूली का मामला है?

गौरतलब है कि जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में इस तरह के वीडियो का सामने आना न सिर्फ पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि उसकी साख को भी प्रभावित करता है।

फिलहाल, पूरे मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर यह बहस तेज हो गई है कि क्या कानून के रखवाले ही कानून को चुनौती दे रहे हैं।

Spread the word