निरापद चिकित्सा है आयुर्वेद, औद्योगिक जिले में निरोगी जीवन पाने बढ़ रहा लोगों का भरोसा

कोरबा 23 अपै्रल। महानदी काम्प्लेक्स स्थित पतंजलि-शिव औषधालय में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन संस्थापक पं. विद्याधर शर्मा की स्मृति में किया गया। पतंजलि सहित लायंस कोरबा एवरेस्ट, आयुष मेडिकल ने समन्वय किया। अलग-अलग रोगों से संबंधित मामलों में सैकड़ों लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में आँख, नाक, कान, गला, दंतरोग, चर्मरोग, गुदरोग, शिशुरोग, स्त्रीरोग, वातरोग, श्वास रोग, चर्म रोग,आदि सभी प्रकार के सामान्य कष्टसाध्य, असाध्य रोगों से पीडि़त स्त्री पुरुष एवं बच्चों सहित 252 रोगियों का निःशुल्क उपचार कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा अर्चना के साथ किया गया। भगवान धनवंतरी से सभी लोगों को निरोगी जीवन देने की कामना की गई। डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर लोगों की अस्थि खनिज, घनत्व जांच, नेत्र जांच व अन्य चिकित्सा करने के साथ फार्मेसी कंपनियों के सहयोग से प्राप्त दवाएं उपलब्ध कराई गई। आहार-विहार और खानपान के बारे में उन्हें जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई। लोगों से कहा गया कि अगर आप जीवनशैली को बेहतर करते हैं तो बीमारियां आपके पास नहीं आएंगीं। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन यहां मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा है और इस दिशा में यह संस्था अनुकरणीय कार्य कर रही है। महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि आज के दौर में अलग-अलग कारणों से लोग बीमारियों से घिर रहे हैं। ऐसे में उन्हें आयुर्वेद की तरफ लौटना होगा। पार्षद नरेंद्र देवांगन ने दोहराया कि हर अच्छे कार्यों की प्रशंसा होनी चाहिए और आयुर्वेद का क्षेत्र में आगे है।
बीएमडी सहित हुई कई जांच
शिविर में 117 लोगों की बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच निशुल्क दिल्ली के टैकनीशियन विजय ने की। 72 लोगों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यक सहयोग किया गया। 135 मधुमेह रोगियों की रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच, 63 लोगों की हीमोग्लोबिन की जांच की गई। 300 से अधिक लोग इस शिविर में लाभान्वित किए गए।
