जटगा रेंज में मौजूद हाथियों का दल अब पहुंचा मुकुवा में

कोरबा 22 अपै्रल। कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज में हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। अब तक जटगा बिट के मेढ़उड़ पहाड़ पर 48 हाथियों का झुंड डाला हुआ था। लेकिन बीती रात यह झुंड पहाड़ के रास्ते आगे बढकर मुकुवा क्षेत्र में पहुंच गया। बड़ी संख्या में हाथियों को आज सुबह यहां के जंगल में विचरण करते हुए देखा गया और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई, जिस पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और हाथियों की निगरानी में जुट गया है।

पहाड़ के नीचे स्थित गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है। इस बीच जटगा रेंज में अचानक पहुंचे उत्पाती हाथी ने मरवाही का रूख कर लिया है। हाथी जंगल के रास्ते आगे बढ़ा और मरवाही रेंज की सीमा में पहुंचने के बाद वहां डेरा डाल दिया। इस दौरान वन अमला लगातार उत्पाती हाथी की निगरानी करता रहा।

Spread the word