बड़ा बदलाव का ऐलानः 1 मई को बालको नई कंपनी ‘वेदांता एल्युमिनियम’ के तहत शामिल हो जाएगी

कोरबा 22 अपै्रल। माइनिंग और मेटल सेक्टर की वैश्विक दिग्गज कंपनी वेदांता लिमिटेड ने अपने बिजनेस स्ट्रक्चर में बड़े बदलाव का ऐलान कर दिया है। वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने आधिकारिक तौर पर डिमर्जर के लिए 1 मई 2026 की रिकॉर्ड तिथि निर्धारित की है। इस रणनीतिक फैसले के बाद छत्तीसगढ़ के गौरव बालको (बालको )को नई कंपनी ‘वेदांता एल्युमिनियम’ के तहत शामिल किया जाएगा।

एल्युमिनियम सेक्टर में बनेगा ‘ग्लोबल पावरहाउस’
अधिकारी के मुताबिक डिमर्जर के बाद गठित होने वाली नई कंपनी ‘वेदांता एल्युमिनियम’ का मुख्यालय झारसुगुड़ा होगा। इस नई इकाई में देश के तीन बड़े वर्टिकल शामिल होंगेः
1.बालको (बालको)ः छत्तीसगढ़ स्थित देश का प्रमुख एल्युमिनियम प्लांट।
2.झारसुगुड़ा प्लांटः ओडिशा स्थित विशाल एल्युमिनियम उत्पादन इकाई।
3.लांजीगढ़ रिफाइनरीः ओडिशा स्थित एल्युमिनियम रिफाइनरी। इसके साथ ही, इन प्लांटों से जुड़े कैप्टिव पावर प्लांट (सीपीपी) भी इसी नई कंपनी के अधीन रहेंगे, जिससे उत्पादन लागत में कमी और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।

निवेशकों के लिए ‘लॉटरी’ः 1 शेयर के बदले 5 शेयर
1 मई 2026 तक वेदांता के शेयर रखने वाले निवेशकों के लिए यह खबर किसी जैकपॉट से कम नहीं है। डिमर्जर के बाद, निवेशकों को उनके पास मौजूद प्रत्येक 1 शेयर के बदले 5 अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों के 1-1 शेयर मिलेंगेः
वेदांता एल्युमिनियम मेटल (बालको व झारसुगुड़ा)
वेदांता पावर (सिंघी तराई, तलवंडी साबो व मीनाक्षी पावर)
वेदांता ऑयल एंड गैस
वेदांता आयरन एंड स्टील
वेदांता लिमिटेड (मूल सूचीबद्ध कंपनी)

शेयर बाजार में ‘वेदांता’ का जलवा
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस खबर के सार्वजनिक होते ही वेदांता के शेयरों में जोरदार तेजी आई है। शेयर बाजार के जानकार सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को इंट्रा-डे कारोबार के दौरान शेयर 794.90 के रिकॉर्ड स्तर को छू गया। विश्लेषकों का अनुमान है कि लिस्टिंग के बाद यह आंकड़ा 915 तक जा सकता है। गौरतलब है कि महज 11 महीनों में वेदांता के शेयर 398 से उछलकर दोगुने हो चुके हैं।

क्यों खास है यह ‘बंटवारा’?
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले से कॉरपोरेट ढांचा सरल होगा। प्रत्येक बिजनेस वर्टिकल स्वतंत्र रूप से अपनी ब्रांडिंग कर सकेगा और सीधे वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर पाएगा। रिकॉर्ड डेट के 4 से 8 हफ्तों के भीतर नई कंपनियों की शेयर बाजार में लिस्टिंग होने की संभावना है।

प्रमुख बिंदु एक नजर में
बालको अब ‘वेदांता एल्युमिनियम’ का हिस्सा।
स्वतंत्र पावर कंपनीः’छत्तीसगढ़ के सक्ती स्थित सिंघी तराई पावर प्लांट अब स्वतंत्र ‘वेदांता पावर’ का हिस्सा होगा।
झारसुगुड़ा हेडक्वार्टरः एल्युमिनियम कारोबार का संचालन अब ओडिशा के झारसुगुड़ा से होगा।
रिकॉर्ड डेटः 1 मई 2026 तक शेयर धारकों को मिलेगा सीधा लाभ।

Spread the word