हाई वोल्टेज ड्रामा: पुलिस कार्रवाई से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, गांव में हड़कंप

कवर्धा। जिले के ग्राम दशरंगपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई है।
पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप
टावर पर चढ़े युवक की पहचान मनीष चंद्राकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया। युवक की इस हरकत से आसपास के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पहले से दर्ज है FIR
जानकारी के अनुसार, मनीष चंद्राकर के खिलाफ दशरंगपुर चौकी में पहले से ही FIR दर्ज है। उस पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस मामले में उसके दो अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।
होली के दिन हुई थी वारदात
दरअसल, ग्राम खंडसरा में होली के दिन कोटवार के घर में घुसकर उसके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में टावर पर चढ़ा युवक भी आरोपी है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मौके पर पुलिस-प्रशासन तैनात
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और युवक को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा।
