रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास समिति ने कलेक्टर से मांगा सहयोग

कोरबा 15 अपै्रल। कोरबा विकास समिति (रेल) ने कोरबा में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कलेक्टर को आज ज्ञापन सौंपा। जिसमें उसने रेलवे के अधिकारियों को कोरबा बुलाकर बैठक आयोजित करने और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चर्चा करने की मांग की है।
समिति के प्रतिनिधि मंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कोरबा जिला लंबे समय से रेलवे के लिए देश में सर्वाधिक राजस्व देने वाला जिला रहा है। विशेष रूप से कोयला लदान के माध्यम से देश में सर्वाधिक आय देने के बावजूद रेलवे द्वारा रेल सुविधाओं की उपलब्धता के मामले में कोरबा की सदैव उपेक्षा की गई है। लंबे समय से की जा रही उपेक्षा की वजह से कोरबा का जनमानस खुद को ठगा हुआ महसूस करता है। इस वजह से जन मानस में असंतोष की भावना बढ़ती जा रही है। इसी असंतोष की परिणिती है कि अब कोरबा की आम जनता रेलवे के खिलाफ संघर्ष के लिए सडक पर उतरने की मानसिकता में आ गई है।
विगत दिनों इसी संदर्भ को लेकर कोरबा विकास समिति की एक बैठक नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, श्रमिक संगठनों, राजनीतिक संगठनों की प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आहूत की गई थी। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि रेल सुविधाओं की मांग को लेकर कोरबा में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन खड़ा किया जाए। इसी आंदोलन के प्रथम चरण में यह तय हुआ कि समिति का एक प्रतिनिधि मंडल आप के माध्यम से रेलवे का ध्यान रेलवे सुविधाओं की ओर आकृष्ट किया जाए।
इसी कड़ी में यह ज्ञापन सौंपा जा रहा है। निवेदन है कि व्यक्तिगत रूचि लेकर रेल अधिकारी मंडल प्रबंधक बिलासपुर, महाप्रबंधक रेलवे जोन मुख्यालय बिलासपुर से चर्चा कर मांगों के निराकरण की दिशा में प्रयास करे। साथ ही रेलवे के दोनों अधिकारियों को कोरबा बुलाकर उनकी एक बैठक क्षेत्रीय सांसद, स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सहित अन्य पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चर्चा हेतु आयोजित की जाए।
