महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.40 करोड़ का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए महासमुंद पुलिस ने 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये कीमत का 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में महाराष्ट्र के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा से गांजा तस्करी की सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 रेहटीखोल रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया। जांच में दोनों वाहनों में गांजा भरा होना पाया गया, जिसे ओडिशा के फुलवानी से पुणे (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.40 करोड़ रुपये का गांजा, 40 लाख की फॉर्च्यूनर, 25 लाख की स्कॉर्पियो और 4 मोबाइल समेत कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये का सामान जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र निवासी प्रशांत शंकर गोले (38), क्षितिज वीरसेन जाधव (21), अक्षय नंदकुमार निगम (27), अभिषेक डेविड जगले (26) और महेश काटकर (39) शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Spread the word