भीषण सड़क हादसाः स्कॉर्पियो-ट्रेलर की टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर

कोरबा 03 मार्च। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो और ट्रेलर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बीती रात उरगा थाना क्षेत्र के तरदा भारतमाला मार्ग पर हुआ।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। रायपुर से कोरबा की ओर आ रहे थे, तभी तरदा के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार लोग अंदर फंस गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची टीम ने गैस कटर की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। अरुण झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था। वहीं हादसे में घायल 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (निवासी रायपुर) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (निवासी सेमरा, धमतरी) को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि संबंधित निजी कंपनी का कार्य कोरबा में भी संचालित होता है और उसी सिलसिले में दो डंपर वाहनों को रायपुर से कोरबा लाया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मृतक अरुण कुमार यादव पिछले दो वर्षों से कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
