नदी पर बना पुल जर्जर हालत में, भय के साए में आवाजाही की मजबूरी

कोरबा 29 मार्च। कटघोरा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। अहिरन नदी पर बना पुल जर्जर हालत में पहुंच चुका है, जहां रेलिंग पूरी तरह टूट चुकी है। नजदीक में ही बागेश्वर सरकार की हनुमंत कथा मे भीड़ के कारण इस रास्ते पर दबाव बढ़ गया है। खतरे के बाद भी जिम्मेदार विभाग अब भी खामोश है।
कटघोरा में बिलसपुर मुख्य मार्ग पर स्थित अहिरन नदी का पुल अब खतरे का पर्याय बनता जा रहा है। पुल की रेलिंग पूरी तरह से टूट चुकी है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को हर पल दुर्घटना का डर सता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की रेलिंग कबाड़ चोरों द्वारा काटकर ले जाई जा चुकी है, और जो बचा हुआ हिस्सा है, वह भी किसी बड़े हादसे की ओर इशारा कर रहा है। यहां बताना आवश्यक होगा कि कटघोरा के नजदीक ही वर्तमान में एक धार्मिक आयोजन की शुरुआत हुई है और वहां पर लाखों की भीड़ होने के दावे किए जा रहे हैं । हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना कटघोरा से इसी नदी के पुल से होकर जारी है। पुल की दशा देखकर लोग परेशान भी हैं और डरे हुए भी हैं। इसके बाद भी उन्हें अलग-अलग काम के लिए इसी रास्ते से होकर आवागमन करना है। इन सब के बावजूद सुधार की दिशा में ध्यान नहीं देने का सीधा सा मतलब यह है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी किसी अनहोनी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
