तीन वन्य प्राणियों की मौत मामले में लाईनमेन को मिली जमानत

कोरबा 29 मार्च। वन मण्डल कटघोरा के सखोदा परिसर में विद्युत करंट की चपेट में आने से तीन वन्य प्राणियों मादा भालू व उसके दो शावकों की मौत के मामले में वन विभाग द्वारा गिरफ्तार लाईनमेन को अदालत द्वारा जमानत दिये जाने पर रिहा कर दिया गया।
ज्ञात रहे कि जिले के कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत केंदई रेंज के सखोदा वन परिसर में एक मादा भालू तथा दो शावक मृत अवस्था में गत दिनों मिले थे। वन विभाग द्वारा जांच पड़ताल किये जाने पर विद्युत करंट की चपेट में आने से भालूओं की मौत होने की बात सामने आई। जिस पर विभाग ने इसके लिए संबंधित लाईनमेन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया था और कोरबी क्षेत्र में पदस्थ लाईनमेन राम प्रताप सरोठिया को गिरफ्तार कर कटघोरा न्यायालय में पेश किया था। आरोपी द्वारा अदालत में जमानत याचिका लगाई गई थी जिसका न्यायाधीश ने विचार करते हुए जमानत मंजूर कर ली। अदालत द्वारा आरोपी को जमानत दिये जाने के बाद उसे रिहा कर दिया गया है।
