हनुमंत कथा कल से प्रारंभ, पुलिस ने की तैयारी की समीक्षा

कोरबा 27 मार्च। बाकी मोगरा के ढपढप में बागेश्वर धाम छतरपुर के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा 28 मार्च से शुरू हो रही है जो 1 अप्रैल तक चलेगी। आयोजन समिति के द्वारा मौके पर आवश्यक तैयारी की गई है। एडिशनल एसपी लखन पटले और कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने अपने टीम के साथ तैयारी की समीक्षा की। अपना घर सेवा आश्रम इस कार्यक्रम का आयोजक है जिसने मौके पर व्यवस्थाओं को लेकर 1800 वाली दिया को नियोजित किया है।

सूत्रों के अनुसार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने कार्यक्रम के अंतर्गत कटघोरा के अग्रसेन भवन में रुकेंगे। इस बारे में बहुत पहले निर्णय हो गया था। उनके आने से पहले यहां पर जरूरी व्यवस्थाएं की गई और अब इसे सुरक्षा एजेंसी ने अपने कब्जे में ले लिया है। धीरेंद्र कृष्ण और उनकी टीम के अलावा किसी को यहां पर आने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने आज सुबह यहां का अवलोकन किया और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के साथ ऊपर रिपोर्ट की। मौके पर सुरक्षा इंतजाम इस प्रकार के किए गए हैं कि शेड्यूल से बाहर की किसी व्यक्ति का प्रवेश हो ही नहीं सकेगा। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को उच्च सुरक्षा मिली हुई है इसलिए संबंधित पहलुओं को प्राथमिकता में रखा गया है।

कटघोरा से आयोजन स्थल पर जाने और आने के दौरान भी सुरक्षा के समुचित प्रबंध होंगे। कार्यक्रम स्थल के आसपास आवागमन को लेकर किसी को भी दिक्कत ना हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस की ड्यूटी आसपास में लगाई गई है। हनुमंत कथा के 5 दिन के इस आयोजन में कई लाख लोगों के यहां आने की संभावना जताई जा रही है और इसी दृष्टि से तैयारी को किया गया है।

Spread the word