पत्रकार के घर में घुसकर मारपीट, उरगा पुलिस पर लगा पक्षपात का आरोप, पत्रकारों में गहरा आक्रोश

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में पुरानी रंजिश को लेकर एक पत्रकार और उनके परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में पत्रकार राजू खत्री, उनकी पत्नी और पुत्र को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस न्याय करने के बजाय हमलावरों का साथ देते हुए ‘काउंटर रिपोर्ट’ दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इस घटना को लेकर जिले के पत्रकारों में गहरा आक्रोश है।
​पूरी घटना: घर में घुसकर की तोड़फोड़ ..
​मिली जानकारी के अनुसार, पत्रकार राजू खत्री चांपा से वापस लौट रहे थे, तभी गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके घर पर धावा बोल दिया।
परिजनों पर हमला: हमलावरों ने घर के दरवाजे तोड़ दिए और अंदर घुसकर राजू खत्री की पत्नी और बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की।
रास्ते में घेराबंदी: जब राजू खत्री को सूचना मिली और वे घर की ओर बढ़े, तब रास्ते में ही आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। उनके साथ जमकर मारपीट की गई और आरोप है कि हमलावरों ने उनके मोबाइल भी लूट लिए।
गंभीर चोटें: इस हमले में राजू खत्री और उनके पुत्र को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
उरगा पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
​पीड़ित पत्रकार जब लहूलुहान हालत में शिकायत लेकर उरगा थाना पहुंचे, तो वहां का माहौल चौंकाने वाला था।
काउंटर रिपोर्ट का दबाव: आरोप है कि उरगा थाना प्रभारी ने पत्रकार की शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय, बाद में थाने पहुंचे हमलावर पक्ष की बातों को तवज्जो दी और दोनों पक्षों पर मामला दर्ज (काउंटर केस) करने की बात कही।
अनदेखी का आरोप: पीड़ित पत्रकार का कहना है कि उनके परिवार के साथ इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय हमलावरों को बचाने का प्रयास कर रही है।

Spread the word