खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाईः बिना लाइसेंस पेप्सिको डिस्ट्रीब्यूटर सील, पानी फैक्ट्रियों से सैंपल लिए

कोरबा 21 मार्च। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित एक डिस्ट्रीब्यूटर को सील कर दिया। साथ ही टीम ने शहर की दो पानी फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर वहां से सैंपल भी जांच के लिए एकत्र किए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने दादर क्षेत्र स्थित सुनीता बेवरेजेस और रजगामार रोड स्थित ममता इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों फैक्ट्रियों के लाइसेंस वैध पाए गए। हालांकि, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तैयार पेयजल के नमूने जांच हेतु लैब भेजे गए हैं।
पेप्सिको डिस्ट्रीब्यूटर में मिली अनियमितता
टीम ने शहर के डिगापुर वार्ड क्रमांक 36 स्थित पीयूष डिस्ट्रीब्यूटर (पेप्सिको) के प्रतिष्ठान में भी जांच की। यहां स्लाइस फ्रूट जूस और ट्रॉपिकाना अमरूद जूस के सैंपल लिए गए। जांच के दौरान पाया गया कि डिस्ट्रीब्यूटर के पास वैध लाइसेंस नहीं है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सील की गई फैक्ट्री से पेप्सी और अन्य फ्रूट जूस के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उत्पाद गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि दो पानी फैक्ट्रियों से सैंपल लिए गए हैं, जबकि बिना लाइसेंस संचालित एक इकाई को सील किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Spread the word